क्या आप भी कोहनी के दर्द को अनदेखा कर रहे हैं?

June 27, 2022by admin-mewar
https://www.mewarhospitals.com/wp-content/uploads/2022/06/kohni-me-drd.jpg
क्या हैं कोहनी में दर्द के कारण, लक्षण और इलाज ?

रोज़मर्रा के जीवन में आप और हम कई प्रकार के दर्द महसूस करते हैं। आमतौर पर यह दर्द कुछ क्षणों बाद स्वयं या कुछ तरीकों की मदद से ठीक हो जाते हैं। जैसे कि अगर बात की जाए कोहनी में दर्द की, किसी वस्तु से टकराने पर हमें दर्द महसूस होता है। लेकिन अधिकतर मौकों पर थोड़ी देर प्रभावित जगह पर हाथ से मालिश करने से हमें आराम मिल जाता है। यदि दर्द का प्रभाव ज़्यादा ना हो तो ये अपनेआप भी चला जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कोहनी का दर्द भी व्यक्ति के जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है! जी हां, आज के इस ब्लाॅग में मेवाड़ हाॅस्पिटल की टीम आपको कोहनी के दर्द से जुड़ी कई महत्त्वपूर्ण बातें बताने की कोशिश करेगी।
मुख्य रूप से हम इसके लक्षण, कारण, इलाज, व कुछ अन्य महत्त्वपूर्ण बातों के बारे में बात करेंगे। लेकिन आइए उससे पहले जानते हैं कोहनी से जुड़ी रचना (anatomy) के बारे में।

कोहनी की रचना

कोहनी का जोड़ तीन हड्डियों से बनता है, ह्यूमरस (humerus), उल्ना (ulna), और रेडियस (radius)। इसे सिनोवियल हिंज जोड़ (synovial hinge joint) कहा जाता है, जैसे कि टखने और घुटने के जोड़ होते हैं। हिंज जोड़ की मदद से कोहनी मुड़ती और सीधी होती है। कोहनी के जोड़ में अन्य अंग, जैसे हड्डी, लिगामेन्ट्स, नसें, आदि देखने को मिलती है। हड्डियों के अलावा दो लिगामेन्ट्स इसे स्थिर रखने में उपयोगी होते हैं और यही दोनों जाॅइंट कैप्सूल बनाते हैं। जाॅइंट कैप्सूल तरल-युक्त थैली होती है जो जोड़ को घेरे रहती है और इसे चिकनाई प्रदान करती है। हड्डियों के सिरे कार्टिलेज से ढके होते हैं जिसके द्वारा एक जोड़ दूसरे जोड़ से आसानी से स्लाइड कर पाता है और ये शाॅक (shock) को अवशोषित (absorb) करने में काम आता है। इनके अलावा टेंडन्स की उपस्थिति होती है जो मांसपेशियों को हड्डियों से जोड़ने में काम आते हैं।

यदि इन अंगों में से किसी भी अंग के साथ कोई परेशानी होती है, तो यह कोहनी में दर्द का कारण बन सकती है। अब हम बात करने जा रहे हैं उन प्रमुख कारणों की जिनके द्वारा आपको इस तरह की समस्या झेलनी पड़ सकती है।

कोहनी में दर्द के कारण

1. कोहनी का डिस्लोकेट होना
यदि कोहनी की कोई भी हड्डी अपनी जगह से खिसक जाती है, तो इसे डिस्लोकेटेड एल्बो कहा जाता है। ऐसा कोहनी के बल गिरने के कारण हो सकता है। इसके अलावा बच्चों में भी यह समस्या देखने को मिल सकती है। इस स्थिति में बहुत तेज़ दर्द की अनुभूति होती है। ऐसी मौकों पर डाॅक्टर को दिखाने में देरी ना करें। बेहतर सुविधा और इलाज के लिए मेवाड़ हाॅस्पिटल के डाॅक्टर्स से संपर्क करें।

2. कोहनी में फ्रेक्चर होना
यदि बांह की कोई हड्डी टूट जाती है, तो ऐसे मौके पर भी ज़बरदस्त दर्द का एहसास होता है। किसी वस्तु से अचानक या बहुत जो़र से टकराने पर, या एक्सीडेन्ट जैसे मौकों में ऐसा देखने को मिलता है। यदि ऐसी स्थितियों के घटने के बाद आपको हड्डी टूट जाने की शंका है, तो उपचार कराने में देर ना लगाएं। अत्यधिक दर्द होने पर और स्थिति सामान्य ना लगने पर डाॅक्टर को दिखाना बेहतर विकल्प है।

3. बर्साइटिस
इस अवस्था में बर्सा पर प्रभाव पड़ता है। बर्सा तरल पदार्थ से भरी हुई एक थैली होती है जो हमारे जोड़ों की सुरक्षा करती है। आॅलीक्रेनोन बर्साइटिस (olecranon bursitis) में कोहनी में मौजूद बर्सा पर प्रभाव पड़ता है जो दर्द का कारण बनता है।

4. गोल्फर्स एल्बो
इसे साइंटिफिक भाषा में Medial Epicondylitis कहा जाता है। हाथ द्वारा की गई किसी क्रिया को बार-बार करने से यह समस्या देखने को मिलती है। उदाहरण के तौर पर ये उन लोगों के साथ हो सकती है जिन्हें प्रतिदिन हथौड़ा चलाना पड़ता है। इसी के साथ कुछ खेल-संबंधी गतिविधियों के कारण भी इस तरह की स्थिति बन सकती है।

5. खिंचाव या मोच
जब मांसपेशियों या लिगामेन्ट्स में खिंचाव आ जाता है, तो यह भी कोहनी में दर्द के कारण बन सकते हैं। इस तरह की स्थिति तब हो सकती है जब कोई व्यक्ति अपनी कोहनी की मांसपेशियों पर ज़्यादा भार डाल देता है। खिंचाव या मोच जैसी समस्याएं व्यायाम करते समय या खेल-संबंधी गतिविधियों में देखने को मिलता है।

6. आॅस्टियोआर्थराइटिस
ये आर्थराइटिस यानि गठिया के सबसे प्रमुख प्रकारों में से एक है। इस स्थिति में कार्टिलेज को नुकसान पहुंचता है जो जोड़ों में दर्द का कारण बन जाता है। हांलाकि कोहनी में यह समस्या आमतौर पर उतनी नहीं देखी जाती जितनी अन्य जोड़ों में। फिर भी व्यक्ति को सावधान रहने की ज़रूरत है।

7. रूमेटाॅइड आर्थराइटिस
यह भी आर्थराइटिस का एक प्रमुख प्रकार है जिसकी वजह से जोड़ों मे दर्द और सूजन जैसी परेशानी हो जाती है। ये एक ऐसी आॅटोइम्युन स्थिति है जहां हमारे शरीर का प्रतिरक्षा तंत्र (immune system) खुद ही शरीर के स्वस्थ टिशू पर अटैक कर देता है।

8. टेंडिनाइटिस
जब कोहनी के निकट टेंडन्स में सूजन या जलन होने लगे, तो यह स्थिति टेंडिनाइटिस कहलाती है। इस समय में दर्द के साथ जोड़ की बाहरी सतह पर कोमलता का अनुभव होता है। कोहनी में टेंडिनाइटिस की समस्या आम मानी जाती है। यदि आपको इस तरह की परेशानी महसूस हो रही है तो बेहतर विकल्प यही है कि आप एक बार डाॅक्टर से बात कर लें।

9. टेनिस एल्बो
इसका साइंटिफिक नाम Lateral Epicondylitis है। इस स्थिति में कोहनी के टेंडन्स पर प्रभाव पड़ता है जिस कारण दर्द होता है। कोहनी से जुड़ी यह परेशानी उन लोगों के साथ होती है जो अपने दिनचर्या के कामों में एक ही गतिविधि को बार-बार दोहराते हैं। टेनिस व कुछ अन्य खेेलों के साथ यह समस्या पेंट करने वाले, खाना बनाने वाले, खाती, प्लबंर, आदि के साथ हो सकती है।

10. नस-संबंधी समस्या
कुछ मौकों पर नस-संबंधी परेशानी भी कोहनी में दर्द का कारण बन जाती है। बांह की सबसे मुख्य नस को रेडियल नस (radial nerve) कहा जाता है। अगर यह नस पूर्ण रूप से नहीं घूम पाती है या फिर दब जाती है, तो इस वजह से भी व्यक्ति को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है जबकि बांह को फैलाया जाता है। एक अन्य नस संबंधी अवस्था है जिसे क्यूबिटल टनल सिंड्रोम कहा जाता है। इस स्थिति में कोहनी के अंदर की तरफ दर्द महसूस होता है।

11. आॅस्टियोकाॅन्ड्राइटिस डिस्केन्स (Osteochondritis Dissecans)
इसे Panner’s Disease के नाम से भी जाना जाता है। कोहनी में दर्द के कारण में से एक यह स्थिति तब देखने को मिलती है जब कार्टिलेज के छोटे टुकड़े और हड्डी कोहनी के जोड़ से निकल जाते हैं। दर्द के अलावा कोहनी के बाहर की तरफ कोमलता (tenderness) का एहसास होता है और बांह को खींचने में परेशानी उठानी पड़ती है।

12. गाउट
आॅस्टियोआर्थराइटिस और रूमेटाॅइड आर्थराइटिस के बाद गाउट भी जोड़ों को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है। आर्थराइटिस के इस प्रकार में जोड़ों में दर्द और सूजन उत्पन्न हो जाती है। इस स्थिति में भी कोहनी के जोड़ में बहुत तेज़ दर्द महसूस हो सकता है।

13. अन्य
वैसे तो कोहनी के जोड़ की हड्डी में ट्यूमर होना कम ही पाया जाता है। लेकिन हां, इसमें प्राइमरी बोन कैंसर होने का खतरा रहता है। इसमें दर्द कभी-कभी महसूस नहीं भी होता है। इसके अलावा कोहनी में इंफेक्शन की वजह से भी दर्द सहना पड़ सकता है।

कोहनी में दर्द के लक्षण

वैसे तो सबसे प्रमुख लक्षण कोहनी में दर्द ही माना जाता है। लेकिन यह दर्द भी विभिन्न प्रकार का हो सकता है। आमतौर पर जब कोहनी द्वारा कोई काम किया जाता है, दर्द उस समय उत्पन्न होता है। लेकिन आराम करते समय भी दर्द महसूस किया जा सकता है। इसके अलावा यदि आप किसी वस्तु को ठीक तरह से नहीं पकड़ पा रहे हैं, तो यह भी कोहनी में दर्द के लक्षण में से एक है। उंगलियों को खोलते वक्त या मुट्ठी बनाते समय भी दर्द हो सकता है।

डाॅक्टर को कब दिखाया जाए?

यहां हम कुछ ऐसी परिस्थतियों का वर्णन कर रहे हैं जिन्हें अनुभव करने के बाद डाॅक्टर से बात कर लेना बेहतर है।

1. सबसे पहली अवस्था है जब आप बाजु द्वारा किसी सामान को ढंग से उठा ना पा रहे हों।
2. यदि दर्द आराम करने से या फिर बर्फ से सेक से दूर ना हो रहा हो। और दर्द उस समय भी हो रहा हो जब आप अपनी बांह को उपयोग में ना ले रहे हों।
3. कोहनी के इर्द-गिर्द सूजन, नील जैसी समस्या होने पर भी आपको सतर्क रहने की ज़रूरत है।
4. कुछ लोगों को रात में दर्द महसूस हो सकता है।
5. यदि दर्द के साथ लालपन और बुखार जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही हो।
6. ऐसी भी स्थिति बन सकती है जहां आप अपने बाजुओं को सीधा नहीं कर पाएंगे या मोड़ नहीं पाएंगे।
7. यदि आप कोहनी के बल गिरे हैं और उसके पश्चात् जोड़ के आकार में कोई बदलाव दिख रहा हो।

डाॅक्टर से मीटिंग के समय

मुलाकात के समय आप कुछ बातों की अपेक्षा कर सकते हैं। जैसे कि वे आपसे दर्द से जुड़े कुछ सवाल पूछेंगे। इसके अलावा फिज़िकल एग्जा़म के माध्यम से वे दर्द का कारण जानने की कोशिश कर सकते हैं और यह भी मालूम कर सकते हैं कि आप कोहनी को कितना मोड़ पा रहे हैं। इसके अलावा हाथों और बाजुओं का न्यूरोलोजिकल एग्ज़ाम भी हो सकता है जहां मांसपेशियों की कमज़ोरी और सुन्नता का पता लगाया जा सकता है।
फिर बात आती है इमेजिंग टेस्ट की। कुछ ऐसे टेस्ट होते हैं जिनकी मदद से कोहनी के दर्द के बारे में बेहतर जानकारी प्राप्त हो सकती है। उदाहरण के तौर पर एक्स-रे जिससे फ्रेक्चर या हड्डी के अपनी जगह से खिसक जाने का पता लग सकता है। इसके अलावा डाॅक्टर एम.आर.आई. की सलाह भी दे सकते हैं जहां टेंडन के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी प्राप्त हो सकती है।

कोहनी में दर्द के इलाज विकल्प

इलाज का प्रमुख उद्देश्य दर्द के निवारण के साथ ही सामान्य शारीरिक कार्यों को पुनः रूप से व्यवस्थित करना होता है। कोहनी में दर्द के इलाज के लिए कई प्रकार के विकल्प उपलब्ध हैं। शुरूआती मौकों पर बर्फ का सेक करने, आराम या फिर कुछ प्रकार की दवाईयों के सेवन से स्थिति सुधर सकती है। इसके अलावा फिज़ियोथेरेपिस्ट की मदद से भी आराम मिल सकता है। साॅफ्ट टिशू मसाज, एक्यूपंक्चर, आदि भी ऐसे मौकों पर काम आ सकते हैं।
कुछ स्थितियां ऐसी होती हैं जहां डाॅक्टर स्टेरोइड इंजेक्शन का सहारा ले सकता है। इसके अलावा कोहनी में दर्द के इलाज के लिए पट्टे या पैडिंग को भी इस्तेमाल में लिया जाता है। यदि इन उपचार-पद्धति के बावजूद भी दर्द में आराम नहीं मिल पाता, तो फिर डाॅक्टर सर्जरी का सुझाव देता है। विभिन्न प्रकार की कोहनी से जुड़ी सर्जरी हैं जो कारण के अनुसार काम में ली जा सकती हैं।

कोहनी से जुड़ी परेशानियों से कैसे दूर रहें?

कोहनी में दर्द के कारणों में हमने बताया कि किसी गतिविधि को बार-बार करने की वजह से कोहनी के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए जिन लोगों के दैनिक कार्यों में किसी काम को बार-बार करने का मौका रहता हो, उन्हें चाहिए कि समय≤ पर अपने शरीर को आराम दें। इसके अलावा जो लोग खेल से जुड़े हुए हैं उन्हें सही तकनीक इस्तेमाल करने की ज़रूरत है। इसी के साथ वे अपनी ग्रिप यानि पकड़ पर भी खास ध्यान दें। और अंत में याद रखें कि व्यायाम के माध्यम से आप कई परेशानियों से बच सकते हैं। कोहनी के संदर्भ में आप डाॅक्टर की सलाह से उन एक्सरसाइज़ को प्राथमिकता दे सकते हैं जिनकी मदद से कोहनी के जोड़ की आस-पास की मांसपेशियां मज़बूत हों।

अंतिम संदेश

अधिकांश मौकों पर कोहनी में दर्द इतना तेज़ नहीं होता और कुछ तरीकों की मदद से ठीक हो जाता है। लेकिन यदि आप इस दर्द को लंबे समय से बर्दाश्त कर रहे हैं, तो अब कोशिश करें जल्द से जल्द डाॅक्टर को दिखाने की। हो सकता है दर्द को नज़रअंदाज़ करना आने वाले समय में आपके लिए परेशानी खड़ी कर दे। इसलिए ज़रूरत है जागरूक रहने की। मेवाड़ हाॅस्पिटल अपनी सुविधाओं और बेहतरीन डाॅक्टर्स की टीम के साथ आपकी मदद करने के लिए उपस्थित है।

सिर्फ कोहनी में दर्द के इलाज के लिए ही नहीं, आर्थोपेडिक समस्या के लिए आप हमें संपर्क कर सकते हैं। हम राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश में काबिल डाॅक्टर्स के साथ हाज़िर हैं आपकी सहायता के लिए। इसके अलावा यदि हाॅस्पिटल या उपचार सेवाओं से जुड़ी कोई जानकारी हासिल करना चाहते हैं, तो आज ही दिए गए हैल्पलाइन नंबर्स पर काॅल करें। अन्यथा आप हमारा आॅनलाइन चैट सपोर्ट भी यूज़ कर सकते हैं।

आप हमसे FacebookInstagramTwitterLinkedinYouTube Pinterest पर भी जुड़ सकते हैं।

अपने ट्रीटमेंट्स से जुड़े सवाल पूछने के लिए आज ही देश की सर्वश्रेष्ठ ऑर्थोपेडिक टीम से बात करें।

Call now 0294 6633330

About Mewar Hospitals

Priyadarshani Nagar, Bedla,
Udaipur, Rajasthan 313001

YouTube
Connect With Us
Social Networks

Copyright 2020 by Mewar Hospitals. All rights reserved.

Copyright 2020 by Mewar Hospitals. All rights reserved.

Request a Call Back

Kindly fill in your details for Consultation

    x